Share This Article बालोद, 21 नवंबर 2026।Project Dinkar : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और हरित ऊर्जा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट दिनकर’ को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस परियोजना के पहले चरण में जिले के 15 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत बनाया जाएगा। खास बात यह है कि ‘जीरो अंशदान मॉडल’ के तहत ग्रामीणों के घरों में 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जाएंगे और इसके लिए हितग्राहियों से कोई अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी। कलेक्टर ने सरपंच और सचिवों के साथ की बैठक कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पहले चरण के लिए चयनित 15 गांवों के सरपंचों और सचिवों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट दिनकर की जानकारी साझा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जीरो अंशदान मॉडल से लगेंगे 2 किलोवाट के सोलर पैनल प्रोजेक्ट दिनकर के तहत चयनित गांवों में किसी भी हितग्राही से अतिरिक्त अंशदान नहीं लिया जाएगा। योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इनका पूरा खर्च केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी तथा निर्धारित मॉडल के माध्यम से वहन किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य सौर ऊर्जा के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के बिजली खर्च को कम करना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों के साथ अन्य आवासों में भी प्राथमिकता के आधार पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सरकारी भवनों और स्ट्रीट लाइटों को भी मिलेगी सौर ऊर्जा इस परियोजना में केवल घरेलू बिजली व्यवस्था ही नहीं, बल्कि गांवों के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्ट्रीट लाइटों को भी सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना है। इससे गांवों में स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। पहले चरण में इन 15 गांवों का हुआ चयन प्रोजेक्ट दिनकर के प्रथम चरण में उकारी, नलकसा, हिड़कापार, कुंवागोंदी, कोपेडेरा, तुएदण्ड, दुहकाटोला, कुमुडकट्टा, गैंजी, परसुटोला, जमही, अड़जाल, कामता, औराटोला तथा गुजरा गांवों को शामिल किया गया है। महिला स्व-सहायता समूहों को भी मिलेगा रोजगार जिला प्रशासन के अनुसार, प्रोजेक्ट दिनकर से ग्रामीण परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। यह पहल बालोद जिले में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। Share This Article Post navigation CM Helpline 2026 : बेटे ने पिता की लंबित पेंशन के लिए उठाई आवाज, मुख्यमंत्री साय ने ‘विष्णु की पाती’ से भेजा स्नेह संदेश