Railway Gold Smuggling: Foreign gold worth ₹1.96 crore seized on Duronto Express...! 2 accused arrested.Railway Gold Smuggling
Share This Article

रायपुर, 13 अगस्त 2026/ Railway Gold Smuggling : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है।

RPF और DRI की संयुक्त कार्रवाई

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की RPF क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI), नागपुर के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। RPF क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि ट्रेन में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया गया। भंडारा और नागपुर के बीच B-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर तलाशी ली गई।

7 सोने के बिस्किट और 1 छड़ बरामद

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना मिला। इसमें 7 सोने के बिस्किट और 1 सोने की छड़ शामिल है। जब्त सोने की अनुमानित कीमत करीब ₹1.96 करोड़ आंकी गई है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद सोने के साथ DRI नागपुर को सौंप दिया गया। दोनों के खिलाफ Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

DRI कर रही मामले की जांच

मामले की विस्तृत जांच DRI नागपुर, महाराष्ट्र द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। RPF के मुताबिक, ट्रेनों और रेल परिसरों के जरिए होने वाली अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में रायपुर और नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम के बीच त्वरित सूचना-साझाकरण और समन्वय की अहम भूमिका रही।


Share This Article