Raipur Blood Donation Camp: A massive blood donation drive in Raipur! 709 units of blood collected in 5 days; the Brahma Kumaris conveyed the message that ‘blood donation is life donation.’Raipur Blood Donation Camp
Share This Article

रायपुर, 26 अगस्त 2026/ Raipur Blood Donation Camp : रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरत के समय रक्त की एक-एक बूंद किसी की जिंदगी बचा सकती है। इसी संदेश के साथ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाजसेवा प्रभाग ने पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय रक्तदान महाअभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान रायपुर में ब्रह्माकुमारीज के विभिन्न सेवाकेंद्रों पर लगाए गए शिविरों में कुल 709 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

रेडक्रॉस के सहयोग से आयोजित इस अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना रहा।

‘रक्त का कोई विकल्प नहीं, रक्तदान जीवनदान’

शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर लोगों को जागरूक किया और अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज रायपुर सेवा केंद्रों की संचालिका एवं प्रशासक सेवा प्रभाग की कोऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। इसे किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता। एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य को रक्त देकर दूसरे का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त की कोई जाति, धर्म या सीमा नहीं होती। रक्तदान मानवता और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

दुर्घटना और प्रसव के दौरान बेहद जरूरी रक्त

शुभ हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विवेक गोयल ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों को उपचार के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ती है। प्रसव के समय अत्यधिक रक्तस्राव होने पर भी रक्त जीवनरक्षक साबित होता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को भी नियमित रूप से रक्त की जरूरत पड़ती है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में अभी भी रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। डॉ. गोयल ने बताया कि कंपोनेंट थेरेपी के जरिए एक यूनिट रक्त से प्राप्त अलग-अलग घटकों का उपयोग एक से अधिक मरीजों के उपचार में किया जा सकता है।

रक्तदान को लेकर भ्रांतियां दूर करने की अपील

रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रभारी डॉ. प्रभु नारायण प्रधान ने रक्तदान को लेकर लोगों में मौजूद भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहा शांति सरोवर

छत्तीसगढ़ नर्सिंग कॉलेज की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. भारवी वैष्णव ने कहा कि शांति सरोवर समाजसेवा और समाज उत्थान से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने रक्तदान महाअभियान के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्था की सराहना की। कार्यक्रम में दीक्षा दीदी ने मेडिटेशन कराया, जबकि संचालन ब्रह्माकुमारी अदिति दीदी ने किया।


Share This Article