रायपुर, 20 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Waterlogging on Raipur-Durg National Highway: Traffic affected, Sirsa Gate route closed, Durg Police issued traffic advisory…” लगातार बारिश के कारण रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव होने से यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है। वहीं, निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ऐसे में दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होकर रायपुर पहुंचेंगे।
वहीं बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर रायपुर जाने की सलाह दी गई है।
वहीं भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और जहां तक संभव हो, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
साथ ही सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद होने के कारण उस दिशा में जाने से बचें तथा यातायात पुलिस द्वारा किए गए डायवर्जन और निर्देशों का पालन करें।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही प्रभावित क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखा जा सकता है।
इसलिए अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्र में प्रवेश न करें और सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

