रायपुर 19 नवंबर 2025 / ETrendingIndia / Direct Raipur-Navi Mumbai flights from February 1, IndiGo releases schedule / रायपुर नवी मुंबई उड़ान , छत्तीसगढ़ के हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रायपुर से नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) के लिए पहली सीधी फ्लाइट 1 फरवरी से शुरू होने जा रही है। विमानन कंपनी इंडिगो ने डीजीसीए से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद नई उड़ान सेवा की औपचारिक घोषणा कर दी है।
इंडिगो के अनुसार, नवी मुंबई एयरपोर्ट 25 दिसंबर से वाणिज्यिक संचालन शुरू करेगा और इसके साथ ही कई नए मार्ग चरणबद्ध रूप से जोड़े जाएंगे। इसी कड़ी में रायपुर–नवी मुंबई के बीच दैनिक सेवा शुरू की जा रही है।
उड़ान समय-सारणी
फ्लाइट 6E 2283
नवी मुंबई एयरपोर्ट से दोपहर 12:50 बजे उड़ान भरेगी और 14:35 बजे रायपुर पहुंचेगी।
फ्लाइट 6E 2284
रायपुर से 15:05 बजे रवाना होगी और 17:05 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी।
इंडिगो सूत्रों के अनुसार, कंपनी पहले चरण में रायपुर समेत 21 शहरों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से जोड़ने जा रही है। इन शहरों में अहमदाबाद, भोपाल, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ, श्रीनगर, नागपुर, गोवा (मोपा), कोयम्बटूर, कोच्ची, मैंगलोर, जेवर, बड़ोदरा और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख गंतव्य शामिल हैं।
नवी मुंबई एयरपोर्ट की खासियत
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का अगला बड़ा एविएशन हब बनने की ओर है। पहले चरण का निर्माण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर को किया था। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, शुरुआती चरण में यात्रियों के लिए आधुनिक टर्मिनल, उच्च क्षमता वाला रनवे और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
इंडिगो की नई सेवा से छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मुंबई महानगर क्षेत्र तक तेज और आसान हवाई संपर्क मिलेगा, जबकि रायपुर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।
