Share This Article रायपुर, 04 अक्टूबर 2026। Seva Setu : छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं आकांक्षी जिले नारायणपुर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छोटेडोंगर और कोहकामेटा में ब्लॉक स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 331 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिला। शिविरों में प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। छोटेडोंगर में 199 ग्रामीणों को मिला लाभ छोटेडोंगर में आयोजित शिविर में कुल 199 हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 परिवारों को उनके पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गईं। राजस्व विभाग ने 47 मामलों का निपटारा किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने राशन कार्ड से जुड़े 39 प्रकरणों का निराकरण किया और 18 पात्र वृद्धों एवं असहाय लोगों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए। कृषि विभाग ने फसल बीमा से जुड़े 11 किसानों को प्रमाण-पत्र दिए, जबकि श्रम विभाग ने 5 श्रमिकों को श्रमिक कार्ड प्रदान किए। 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान शिविर के दौरान जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट सेवा देने वाली 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी। कोहकामेटा में 132 ग्रामीण लाभान्वित कोहकामेटा के विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर में कुल 132 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में पहुंचे 87 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसके अलावा आयुष्मान योजना, श्रम, समाज कल्याण और पंचायत विभाग से संबंधित लाभ वितरित किए गए। आय, जाति और निवास जैसे आवश्यक शासकीय प्रमाण-पत्र भी मौके पर प्रदान किए गए। गोद भराई, अन्नप्राशन और नुक्कड़ नाटक दोनों शिविरों में सरकारी सेवाओं के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम कराए गए। गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं को संतुलित आहार, स्वास्थ्य देखभाल और शिशु पोषण से संबंधित जानकारी दी गई। कोहकामेटा में ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और आवास योजनाओं के लाभ तथा जनभागीदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। Share This Article Post navigation CM का सिंगापुर प्रवास…! गार्डन्स बाय द बे के साथ महत्वपूर्ण चर्चा, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में हुए शामिल CG Agristack : एग्रीस्टेक पंजीयन के बिना नहीं बिकेगा धान, 5 से 30 अक्टूबर तक फिर लगेंगे शिविर