Share This Article रायपुर, 29 अक्टूबर 2026/ ETrendingIndia / स्पेन के मध्यवर्ती प्रांत टोलेडो में बुधवार को दो तेज रफ्तार यात्री ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 50 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 179 अन्य घायल बताए गए हैं। हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे के बाद लॉस येबेनेस और उर्दा के बीच हुआ। दुर्घटना के समय एक ट्रेन मैड्रिड से सेविले जा रही थी। हादसे के बाद मैड्रिड को स्यूदाद रियल और दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र से जोडऩे वाली रेल सेवाएं रोक दी गईं। दुर्घटना के कारणों और हताहतों की अंतिम संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनों में एक इरियो रेलगाड़ी थी, जिसमें 147 यात्री सवार थे, जबकि दूसरी एवीई रेलगाड़ी में 297 यात्री यात्रा कर रहे थे। दोनों ट्रेनें मैड्रिड को स्पेन के दक्षिणी हिस्से से जोडऩे वाले रेल मार्ग पर टकराईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में क्षतिग्रस्त डिब्बे दिखाई दे रहे हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने दुर्घटना पर गहरा सदमा व्यक्त करते हुए पीडि़तों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रशासन समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सामाजिक माध्यम ‘एक्सÓ पर अपने संदेश में बताया कि वह परिवहन मंत्री और कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के राष्ट्रपति के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दुर्घटना के बाद संबंधित रेल मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। राहत दल घायलों की सहायता और प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता होगी। फिलहाल दुर्घटना की परिस्थितियों और ट्रेनों के टकराने की वजह को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इससे पहले 18 जनवरी को दक्षिणी स्पेन में दो ट्रेनें पटरी से उतर गई थीं। उस दुर्घटना में 45 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 170 लोग घायल हुए थे। लगातार सामने आ रही रेल दुर्घटनाओं के बीच ताजा हादसे ने एक बार फिर रेल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। Share This Article Post navigation त्रिची एयरपोर्ट पर वन्यजीव तस्करी का पर्दाफाश…! 45 जीवित सरीसृप बरामद… भारतीय पायलट स्मित मच्छार को यूएई ने किया सम्मानित, विमान को बड़े हादसे से बचाने के लिए मिला सर्वोच्च सम्मान