रायपुर, 14 अक्टूबर 2025 / ETrendingIndia / Tata Motors shares fell 40%, but there’s no need to panic – the company is starting a new chapter with a new name / टाटा मोटर्स शेयर गिरावट , टाटा मोटर्स के शेयर में मंगलवार सुबह करीब 40% की गिरावट दर्ज की गई। शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर ₹399 पर खुला, जो सोमवार के ₹660.90 के बंद भाव से काफी कम है। हालांकि, यह गिरावट केवल तकनीकी है और निवेशकों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह कंपनी के डीमर्जर (विभाजन) प्रक्रिया का नतीजा है।
दरअसल, टाटा मोटर्स का कमर्शियल व्हीकल (CV) कारोबार अब अलग होकर एक नई सूचीबद्ध कंपनी टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (TMLCV) के रूप में काम करेगा।
वहीं, मौजूदा कंपनी अब टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) नाम से जानी जाएगी, जिसमें पैसेंजर व्हीकल्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और जगुआर लैंडरोवर (JLR) का बिजनेस शामिल रहेगा।
कंपनी ने सोमवार को रिकॉर्ड डेट तय की थी। जिन शेयरधारकों के पास 13 अक्टूबर तक टाटा मोटर्स के शेयर थे, उन्हें प्रत्येक शेयर पर TMLCV का एक शेयर मिलेगा। इन नए शेयरों को अगले 30 से 45 दिनों में निवेशकों के डीमैट अकाउंट में क्रेडिट किया जाएगा।
यह डीमर्जर टाटा ग्रुप की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत दोनों सेगमेंट—पैसेंजर और कमर्शियल—को अलग-अलग पहचान दी जा रही है। इस कदम से कंपनी को अपने प्रमुख बिजनेस पर फोकस करने और भविष्य में विकास के नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
टाटा मोटर्स के 80 साल के इतिहास में यह बदलाव एक नया अध्याय जोड़ता है, जो भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
