Share This Article रायपुर, 24 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेशों में डेटा सेंटर स्थापित करने वाली कंपनियों पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। इस बीच माइक्रोसॉफ्ट ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेटा सेंटरों का बचाव किया है। कंपनी के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कहा है कि क्लाउड सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए डेटा सेंटरों का ग्राहकों के नजदीक होना जरूरी है। इस बहस का असर भारत के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने दिसंबर 2025 में भारत में 2026 से 2029 के बीच क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े बुनियादी ढांचे, कौशल विकास और परिचालन के लिए 17.5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। हालांकि, स्मिथ और अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अपनी बातचीत में भारत को ट्रंप की प्रस्तावित पाबंदियों के निशाने पर नहीं बताया। स्मिथ ने रविवार को अमेरिकी समाचार चैनल सीबीएस के कार्यक्रम फेस द नेशन में कहा, सबसे उन्नत एआई मॉडल की ट्रेनिंग अमेरिका में कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की जा सकती है, लेकिन सभी डेटा सेंटरों को एक ही नजरिए से देखना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश डेटा सेंटरों का इस्तेमाल अत्याधुनिक एआई मॉडल तैयार करने के बजाय क्लाउड सेवाएं उपलब्ध कराने में होता है। इनके जरिए लोग वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग और कारोबारी गतिविधियां संचालित करते हैं। ऐसी सेवाओं के लिए डेटा सेंटरों का ग्राहकों के नजदीक होना आवश्यक है। स्मिथ ने फिनलैंड का उदाहरण देते हुए कहा, अमेरिका के न्यू जर्सी में बने डेटा सेंटर से हेलसिंकी के ग्राहकों को उसी तरह सेवाएं नहीं दी जा सकतीं, जैसे न्यू जर्सी के बिजलीघर से हेलसिंकी में बिजली पहुंचाकर वहां की जरूरत पूरी नहीं की जा सकती इसलिए स्थानीय स्तर पर डेटा सेंटर स्थापित करना जरूरी है। दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अमेरिका कंपनियों को डेटा सेंटर दूसरे देशों में स्थापित करने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने ऐसा करने की कोशिश करने वाली कंपनियों पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी थी। ट्रंप की दलील है कि इस तरह की तकनीकी क्षमताएं विदेशों में जाने से चीन को फायदा मिल सकता है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इस प्रस्ताव के क्रियान्वयन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप की बात सुनी थी, लेकिन बाद में इस विषय पर राष्ट्रपति से चर्चा नहीं की। बेसेंट ने कहा कि प्रशासन की चिंता अत्याधुनिक तकनीक के बड़े पैमाने पर विदेशों में हस्तांतरण को रोकने की है। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा, अमेरिका की चिप निर्माण में पहले मजबूत स्थिति थी, लेकिन अब उच्च क्षमता वाले चिप का बड़ा हिस्सा ताइवान में बनता है। इससे रणनीतिक निर्भरता पैदा हुई है, जिसे प्रशासन कम करना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी कंपनियों को अमेरिकी नागरिकों के सामने अपनी योजनाएं बेहतर ढंग से रखनी चाहिए और उन स्थानीय समुदायों का भरोसा जीतना चाहिए, जहां डेटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। भारत में माइक्रोसॉफ्ट का निवेश उसकी अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कंपनी ने दिसंबर 2025 में 2026 से 2029 के बीच 17.5 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की थी। यह एशिया में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। इसमें क्लाउड और एआई ढांचे के विस्तार के साथ कौशल विकास और परिचालन गतिविधियां शामिल हैं। कंपनी ने भारत में चेन्नई, हैदराबाद और पुणे स्थित अपने मौजूदा डेटा सेंटर क्षेत्रों के विस्तार की योजना भी बताई थी। इसके अलावा हैदराबाद में नए हाइपरस्केल क्लाउड क्षेत्र के विकास की घोषणा की गई थी। यह निवेश पहले घोषित तीन अरब डॉलर की प्रतिबद्धता के अतिरिक्त है। कंपनी की घोषणा बहुवर्षीय निवेश योजना है, न कि पूरी राशि खर्च किए जाने का दावा। स्मिथ ने रविवार को भारत में कंपनी की निवेश योजनाओं में किसी बदलाव की घोषणा नहीं की। उनका जोर इस बात पर था कि अत्याधुनिक एआई मॉडल का विकास अमेरिका में कराने और दुनिया के अलग-अलग देशों में ग्राहकों को क्लाउड सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय डेटा सेंटर स्थापित करने को दो अलग-अलग मुद्दों के रूप में देखा जाना चाहिए। Share This Article Post navigation फिनलैंड की खाड़ी में कार्गो जहाज पर ड्रोन हमला, चालक दल को बचाने का अभियान जारी बारूदी सुंरग से टकराए दो सुपरटैंकर्स, ईरान का दावा- नियमों का रहे थे उल्लंघन