Share This Article रायपुर, 25 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, दोनों की ओर से दायर जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को खालिद और इमाम की नई जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत पर जल्द विचार करने का आग्रह किया। सिब्बल ने कहा कि वह छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई), जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया। बेंच ने कहा कि अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से पहले वह दूसरे पक्ष (दिल्ली पुलिस) की बात सुनेगी। दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करने के साथ सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि तीन जजों की बेंच गठित करने के लिए इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के समक्ष रखा जाए। सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश दिया, नोटिस जारी करें। रजिस्ट्री इस मामले को तीन न्यायाधीशों की पीठ के गठन के लिए प्रशासनिक स्तर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखे। यह निर्देश इस साल 22 मई को तस्लीम अहमद मामले में दो जजों की बेंच के एक आदेश के संदर्भ में दिया गया है। यह आदेश गुलफिशा फातिमा मामले और केए नजीब मामले के फैसलों के बीच संभावित विरोधाभास को देखते हुए दिया गया था। केए नजीब मामले में कहा गया था कि लंबी हिरासत और मुकदमे में देरी जमानत का आधार बन सकती है, भले ही यूएपीए के तहत शर्तें कितनी भी सख्त क्यों न हों। सैयद इफ्तिखार अंद्राबी बनाम एनआईए मामले में दो जजों की एक बेंच ने इस साल जनवरी के गुलफिशा फातिमा फैसले के कुछ पहलुओं पर सवाल उठाए। उस फैसले में दिल्ली दंगों से जुड़ी बड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया गया था, जबकि पांच अन्य आरोपियों को राहत दे दी गई थी। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को छह महीने की अंतरिम जमानत देते हुए इस मामले को एक बड़ी बेंच के पास भेज दिया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि यूएपीए मामलों में जमानत से जुड़ी कानूनी स्थिति में दिख रहे विरोधाभासों को सुलझाया जा सके। गौरतलब है कि 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम छह साल से अधिक समय से जेल में हैं। Share This Article Post navigation अरुणाचल सीमा के पास चीन बना रहा दुनिया का सबसे बड़ा बांध, सैटेलाइट डेटा से हुआ खुलासा उनको दे रहे हैं तो हमें भी दीजिए – पेंशनर्स महासंघ की मांग