Vikalp Shukla's Death: Mourning in Raipur's media fraternity...! IIS officer Vikalp Shukla passes away; bids farewell to the world at the age of 58.Vikalp Shukla Death
Share This Article

रायपुर, 10 अक्टूबर 2026/ Vikalp Shukla Death: मीडिया जगत से दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सूचना सेवा (IIS) के अधिकारी और डिप्टी डायरेक्टर न्यूज विकल्प शुक्ला का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। अचानक उनके निधन की खबर से रायपुर के मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, विकल्प शुक्ला को दिल का तेज दौरा पड़ने के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका हाल ही में प्रमोशन हुआ था और उन्हें डिप्टी डायरेक्टर न्यूज की जिम्मेदारी मिली थी। वे लंबे समय से रायपुर में पदस्थ थे और इससे पहले दूरदर्शन में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।

सुबह तक बुलेटिन को दिया अंतिम रूप

विकल्प शुक्ला के निधन की खबर इसलिए भी स्तब्ध करने वाली है, क्योंकि बताया जा रहा है कि उन्होंने शनिवार सुबह घर से ही वर्चुअली दिनभर के बुलेटिन को अंतिम रूप दिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की खबर सामने आ गई। हाल ही में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तीन देशों की यात्रा पर भी गए थे। सूचना एवं प्रसारण से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रियता और सहकर्मियों के साथ उनके मधुर संबंधों को याद किया जा रहा है।

मिलनसार स्वभाव के लिए थे लोकप्रिय

विकल्प शुक्ला को रायपुर के पत्रकारों के बीच मिलनसार, व्यवहारकुशल और लोकप्रिय अधिकारी के रूप में जाना जाता था। शहर के लगभग सभी पत्रकारों से उनके अच्छे संबंध थे। उनके अचानक चले जाने से पत्रकारिता और मीडिया से जुड़े लोगों में गहरा दुख है।

बताया जाता है कि दो दिन पहले आकाशवाणी के एक ऑपरेटर को दिल का दौरा पड़ने की घटना के बाद कार्यालय में हार्ट अटैक को लेकर चर्चा हुई थी। उस दौरान विकल्प शुक्ला ने भी सहकर्मियों को माइनर और मेजर हार्ट अटैक के बारे में जानकारी दी थी। विडंबना यह है कि इसके दो दिन बाद ही उनके निधन की खबर ने सभी को झकझोर दिया।

2028 में होने वाले थे रिटायर

विकल्प शुक्ला का रिटायरमेंट वर्ष 2028 में होना था। उनके परिवार में दो बेटियां हैं, जिनमें से एक मुंबई में नौकरी करती हैं। उनके निधन से परिवार, सहकर्मियों और रायपुर के मीडिया जगत में शोक का माहौल है। विकल्प शुक्ला का असमय निधन मीडिया जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके साथ काम कर चुके लोग और पत्रकार उन्हें उनके सरल स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण के लिए याद कर रहे हैं।


Share This Article