Tensions escalate in West AsiaTensions escalate in West Asia
Share This Article

रायपुर, 21सितंबर 2026 / ETrendingIndia / पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा हालात जटिल बने हुए हैं और स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है। नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने तथा उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी संभावित परिस्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।


अमेरिकी विदेश विभाग की चेतावनी में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से स्थानीय सुरक्षा सूचनाओं पर नजर रखने और यात्रा संबंधी परिस्थितियों में बदलाव के लिए तैयार रहने को कहा गया है। अमेरिका की ओर से बहरीन, ईरान, इराक, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और जॉर्डन सहित कई देशों में सुरक्षा संबंधी चेतावनियां जारी की गई हैं।


इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शनिवार को अपना सप्ताहांत प्रवास बीच में छोड़कर कैंप डेविड से व्हाइट हाउस लौट आए। उनके इस फैसले का आधिकारिक कारण व्हाइट हाउस की ओर से नहीं बताया गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और अमेरिका ने अपने नागरिकों को संभावित तेजी से बदलती परिस्थितियों को लेकर सतर्क किया है।

रिपोर्टों के अनुसार, कैंप डेविड के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में एक विमान के प्रवेश की घटना भी सामने आई थी। उसे रोकने के लिए लड़ाकू विमान भेजे गए थे। हालांकि, ट्रंप के समय से पहले व्हाइट हाउस लौटने और इस घटना के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


इस बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में संवेदनशील स्थलों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया। हमले के बाद रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास आग की लपटें और घना काला धुआं दिखाई दिया।


सऊदी अरब ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रियाद की ओर दागी गई एक मिसाइल को रोक दिया। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, हमले में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हूतियों ने रियाद के अलावा सऊदी अरब के अन्य क्षेत्रों को भी निशाना बनाने का दावा किया, हालांकि इन दावों के सभी पहलुओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


रियाद में हमले के बाद सऊदी अरब के कई शहरों में हवाई हमले की चेतावनियां जारी की गईं। इस घटनाक्रम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा और क्षेत्र में उड़ानों को लेकर व्यवधान की स्थिति बनी।


क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य गतिविधियों को लेकर भी रिपोर्टें सामने आई हैं। कुछ रिपोर्टों में ब्रिटेन स्थित अमेरिकी अड्डे से बी-1बी लांसर बमवर्षक विमानों की पश्चिम एशिया की दिशा में उड़ान का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इस गतिविधि को लेकर अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई ऐसा आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे इसके उद्देश्य की पुष्टि हो सके।


पश्चिम एशिया में तनाव बढऩे के बीच अमेरिका के ताजा सुरक्षा अलर्ट और सऊदी अरब पर हूती हमले ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी विदेश विभाग ने पहले से ही सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, ओमान और अन्य देशों के लिए अलग-अलग यात्रा चेतावनियां जारी कर रखी हैं।


Share This Article