Share This Article कोलकाता, 04 सितंबर। West Bengal Dengue Tips : पश्चिम बंगाल में डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी की स्कूली छात्राओं को दी गई एक सलाह चर्चा में है। उन्होंने कहा है कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर के दौरान लड़कियां स्कूल में स्कर्ट की जगह पैरों को ढकने वाली सलवार पहनकर आएं। वहीं लड़कों को भी पूरी पैंट और पूरी कमीज पहनकर स्कूल जाने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने से मच्छरों के काटने से बचाव में मदद मिल सकती है। हालांकि उनकी इस सलाह को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ‘तीन महीने जरूरी’, लड़कियों को सलवार पहनने की सलाह स्वास्थ्य मंत्री ने अपील करते हुए कहा कि लड़कियों को स्कर्ट पहनकर स्कूल न भेजा जाए। उनके मुताबिक ऐसे कपड़े पहनने चाहिए, जिनसे पैर पूरी तरह ढके रहें। उन्होंने घुटनों तक के मोजे पहनने से भी बचने की सलाह दी। मंत्री ने कहा कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर के तीन महीने डेंगू के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इसी दौरान मच्छरों से बचाव के लिए बच्चों के कपड़ों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टर बोले- शरीर ढकने वाले कपड़े पहनना मददगार एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विस डॉक्टर्स के सेक्रेटरी डॉ. उत्पल बनर्जी ने कहा कि मच्छरों के काटने से बचने के लिए शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की सलाह सही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ कपड़े पहनने से डेंगू को पूरी तरह नहीं रोका जा सकता। उनके अनुसार मच्छरों के पनपने के स्रोत को खत्म करना, लोगों में जागरूकता बढ़ाना और डेंगू से निपटने के लिए पर्याप्त मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार रखना भी जरूरी है। मेडिसिन एक्सपर्ट ने भी माना- मच्छर काटने का खतरा होगा कम मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. रुद्रजीत पाल ने स्वास्थ्य मंत्री की सलाह को मेडिकल नजरिए से सही बताया। उनका कहना है कि पूरी बाजू की शर्ट और पैंट पहनने से शरीर का कम हिस्सा खुला रहेगा, जिससे मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि मच्छर के काटने की संभावना कम होगी तो डेंगू संक्रमण का जोखिम भी घट सकता है। साथ ही उन्होंने लोगों को पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने जैसे दूसरे बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी। ‘सलाह छात्रों की सुरक्षा के लिए’, मेडिविजन ने किया बचाव मेडिविजन के दक्षिण बंगाल संयोजक मानस बर्मन ने स्वास्थ्य मंत्री की सलाह का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह सुझाव छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर दिया गया है। उनका कहना है कि मंत्री ने केवल लड़कियों के कपड़ों की बात नहीं की, बल्कि लड़कों को भी पूरी पैंट और कमीज पहनने की सलाह दी है। डेंगू के मामलों को देखते हुए मच्छरों से बचाव के लिए शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना उपयोगी हो सकता है। पश्चिम बंगाल में 4 हजार से ज्यादा डेंगू केस पश्चिम बंगाल में मॉनसून के दौरान डेंगू का खतरा बढ़ जाता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में अब तक राज्य में 4,000 से अधिक डेंगू के मामले सामने आए हैं। हालांकि यह संख्या पिछले साल इसी अवधि में सामने आए 7,600 से ज्यादा मामलों की तुलना में करीब 50 प्रतिशत कम बताई गई है। फिलहाल राज्य में करीब 148 सक्रिय मामले हैं और आधिकारिक तौर पर डेंगू से जुड़ी 7 मौतें दर्ज की गई हैं। कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और मुर्शिदाबाद प्रभावित जिलों में शामिल हैं। नादिया के चकदह और मुर्शिदाबाद के कुछ इलाकों में भी डेंगू के मामले सामने आए हैं। Share This Article Post navigation Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के होटल में भीषण आग…! 9 लोगों की मौत; 6 गंभीर झुलसे…मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट में मचा हड़कंप