रायपुर, 19 नवंबर 2025/ ETrendingIndia / Chhattisgarh Housing Board’s three-day ‘State Level Housing Fair’ will be held at BTI Ground from November 23/ राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 , छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित ‘राज्य स्तरीय आवास मेला–2025’ की तैयारियाँ इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। 23 से 25 नवंबर 2025 तक रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को आवासीय योजनाओं की संपूर्ण जानकारी और सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
मेले की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं और मंडल के अधिकारी–कर्मचारी पूरे प्रदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ तकनीकी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर नागरिक को स्वयं का घर उपलब्ध कराना गृह निर्माण मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ‘आवास मेला 2025’ इस उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें मंडल की सभी योजनाएँ और संपत्तियाँ आम नागरिकों के समक्ष एक ही मंच पर प्रस्तुत की जाएँगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में लगभग ₹2000 करोड़ की नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे हाउसिंग बोर्ड की कार्यशैली और अधिक प्रभावी और गतिशील हुई है।
मेले के सफल आयोजन हेतु तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं। प्रदेश भर में पोस्टर, फ्लेक्स, रेडियो विज्ञापन और सोशल मीडिया कैंपेन के माध्यम से व्यापक सूचना प्रसार किया जा रहा है।
मेला संबंधी जानकारी नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-121-6313 पर प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, मेला परिसर में पार्किंग, पेयजल, बैठने की सुविधा और मार्गदर्शन डेस्क जैसी सभी व्यवस्थाएँ तैयार की जा रही हैं।
मेले में आवंटी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके माध्यम से इच्छुक हितग्राही ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकेंगे। प्रत्येक स्टॉल पर संपत्तियों की जानकारी देने के लिए मंडल का स्टाफ उपलब्ध रहेगा। रायपुर, नवा रायपुर और आसपास की प्रमुख परियोजनाओं के लिए विशेष आवास रथ सेवा की व्यवस्था भी की जा रही है।
तकनीकी विशेषज्ञ और इंजीनियर “आपका घर कैसे बनता है” थीम पर जनता को मार्गदर्शन देंगे। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और मानकों की जानकारी के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। भवन निर्माण, प्लानिंग और लोन प्रक्रिया पर विशेषज्ञ सलाह भी मेले में उपलब्ध रहेगी।
हितग्राहियों को सिर्फ 1% राशि जमा कर आवास बुक करने की सुविधा रहेगी। वहीं घर खरीदने वालों के लिए विभिन्न बैंकों द्वारा ऑन-द-स्पॉट लोन अप्रूवल की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए आकर्षक विशेष उपहार रखे गए हैं।
गृह निर्माण मंडल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आवास मेला 2025 में शामिल होकर अपने सपनों का घर पाने का यह सुनहरा अवसर प्राप्त करें।
