2026 विधानसभा चुनाव राज्य
2026 विधानसभा चुनाव राज्य
Share This Article

रायपुर, 30 दिसंबर 2025/ ETrendingIndia / 2026 विधानसभा चुनाव राज्य , साल 2025 खत्म होने जा रहा है और सभी को नए साल 2026 का बेसब्री से इंतजार है। आने वाले साल में देश में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म रहने की उम्मीद है क्योंकि देश के 5 बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी शामिल हैं।

बड़ी बात ये है कि इन राज्यों का सियासी पारा अभी से चढ़ गया है। आइए जानते हैं किस राज्य में कब चुनाव होंगे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई, 2026 तक है। यहां पर अप्रैल-मई 2026 में चुनाव हो सकते हैं। 2021 में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कुल 294 सीटों में से 213 पर जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी। भाजपा को 77 सीटों से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला था। 2026 में टीएमसी लगातार चौथी बार सरकार बनाना चाहेगी, वहीं भाजपा भी बहुमत पाने का प्रयास करेगी।

तमिलनाडु विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई 2026 तक है। यहां अप्रैल-मई 2026 में चुनाव होने हैं। साल 2021 के चुनाव में एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके ने कुल 234 में से 133 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। डीएमके के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने 18 सीटे जीती थीं। 10 साल तक सत्ता पर काबिज रही एआईएडीएमके 66 सीटें जीत पाई थी। इसी तरह एआईएडीएमके के साथ गठबंधन करने वाली भाजपा को 4 सीटें मिली थीं।

असम विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 20 मई, 2026 तक है। यहां पर अप्रैल-मई 2026 में चुनाव होने की संभावना है। साल 2021 के चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 126 में से 75 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता बरकरार रखी है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 50 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अभी असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा हैं, उन्होंने 10 मई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

केरल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 मई, 2026 तक है। यहां अप्रैल-मई 2026 में चुनाव होने की संभावना है। साल 2021 के चुनाव में मौजूदा वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 99 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रखी थी। उसमें सीपीआईएम को सबसे अधिक 62 सीटें मिली थी। सीपीआई 17, आईयूएमएल 15, कांग्रेस 21 और अन्य ने 25 सीटें जीती थीं। भाजपा को पूरे प्रयास के बाद भी कोई सीट नहीं मिली थी। वर्तमान में केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन हैं।

पुदुचेरी विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 15 जून, 2026 तक है। यहां मई-जून 2026 में चुनाव होने की संभावना है। 2021 के पिछले चुनाव में ऑल-इंडिया एनआर कांग्रेस (एएनआरसी) और भाजपा के गठबंधन ने कुल 30 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए सरकार बनाई थी। इसमें एएनआरसी ने 10 और भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके उलट कांग्रेस केवल 2 सीटें ही जीत पाई थी। यहां वर्तमान में एएनआरसी संस्थापक एन रंगासामी मुख्यमंत्री हैं।

2026 विधानसभा चुनाव राज्य , साल 2026 का सबसे पहला और बड़ा चुनाव महाराष्ट्र में होगा। वहां, देश के सबसे धनी निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम में 15 जनवरी को चुनाव होंगे। साल 2017 में हुए पिछले चुनाव में शिवसेना (उद्धव गुट) और भाजपा ने बिना गठबंधन के 227 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसमें शिवसेना ने सबसे अधिक 84 और भाजपा ने 82 सीटें जीती थीं। इसी तरह कांग्रेस को 31 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को केवल 9 सीटों पर जीत मिली थी।

वर्तमान बीएमसी चुनाव में समीकरण काफी बदल गए हैं। इसमें एक तरफ जहां भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और अजित पवार वाली एनसीपी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं उद्धव ठाकरे गुट वाली शिवसेना ने राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से हाथ मिलाया है। इसी तरह कांग्रेस ने प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ गठबंधन करते हुए चुनाव लडऩे का फैसला किया है। ऐसे में यह चुनाव काफी रोचक होगा।