रायपुर 3 जनवरी 2025/ ETrendingIndia / A unique glimpse of folk culture in Kala Vithika from today / कला वीथिका लोक संस्कृति , छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक नृत्यों, लोक जीवन और विविध लोक कलाओं को करीब से देखने का सुनहरा अवसर आज से शहरवासियों को मिल रहा है। महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित कला वीथिका में 2 से 4 जनवरी तक विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।
इस प्रदर्शनी में छायाचित्रों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के गांवों का जीवन, लोक परंपराएं, रंग-बिरंगे उत्सव, पारंपरिक नृत्य और जनजातीय संस्कृति की अनदेखी झलकियां देखने को मिलेंगी।
प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी और इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। यह फोटो प्रदर्शनी केवल दृश्य सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त संदेश भी देती है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और लोक कला के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
कला, संस्कृति और फोटोग्राफी में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह प्रदर्शनी खास आकर्षण का केंद्र है। आयोजकों ने शहरवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों और परिवारों से अपील की है कि वे इस अनूठी कला प्रदर्शनी को अवश्य देखें और छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति की सुंदर दुनिया से रूबरू हों।
