रायपुर 22 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / Chief Minister Dr. Yadav meets Sandoz Global Head in Davos: Shows interest in collaboration with Madhya Pradesh / सैंडोज़ मध्यप्रदेश निवेश , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावोस में सैंडोज़ के स्मॉल मॉलिक्यूल्स एवं एंटी-इन्फेक्टिव्स ऑपरेशन्स के ग्लोबल हेड श्री कार्लो गार्गियुलो के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से भेंट की।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने फार्मा क्षेत्र में निवेश एवं विस्तार के लिए मध्यप्रदेश की अनुकूल नीतियों, औद्योगिक अवसंरचना तथा नीतिगत समर्थन की जानकारी देते हुए सैंडोज़ को राज्य में निवेश के लिये आमंत्रित किया।
सैंडोज़ प्रतिनिधिमंडल ने इस आमंत्रण का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश के साथ आगे सहभागिता को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।
बैठक में दवाओं के विनिर्माण, विशेषकर जेनेरिक्स एवं एंटी-इन्फेक्टिव्स मेडिसिन के क्षेत्र में सैंडोज़ की वैश्विक विशेषज्ञता और मध्यप्रदेश के फार्मा विनिर्माण को सुदृढ़ करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही एपीआई, फॉर्मूलेशन एवं बल्क ड्रग से जुड़ी इकाइयों की स्थापना, राज्य की औद्योगिक अवसंरचना, अनुकूल नीतिगत समर्थन, परिचालन उत्कृष्टता, वैश्विक गुणवत्ता मानक, नियामक अनुपालन एवं कुशल कार्यबल विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
राज्य की औद्योगिक क्षमता और नीतिगत सहयोग को देखते हुए यहाँ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में भविष्य में मध्यप्रदेश में फार्मा विनिर्माण, एपीआई एवं फॉर्मूलेशन इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर विचार किया गया।
इन प्रस्तावित परियोजनाओं से राज्य में फार्मा क्षेत्र को नई गति मिलने, निवेश बढ़ने तथा रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना व्यक्त की गई।
सैंडोज़ जेनेरिक फार्मास्यूटिकल्स एवं बायोसिमिलर के क्षेत्र में एक वैश्विक अग्रणी कंपनी है, जो उच्च गुणवत्ता वाली एवं किफायती दवाओं की उपलब्धता के लिए जानी जाती है। कंपनी एंटीबायोटिक्स एवं अन्य आवश्यक दवाओं सहित महत्वपूर्ण चिकित्सीय श्रेणियों में विनिर्माण, आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ीकरण एवं परिचालन उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान केंद्रित करती है, जिससे मरीजों की दवाओं तक पहुंच बेहतर हो सके।
सैंडोज़ का विश्वभर में व्यापक नेटवर्क है, जिसमें विनिर्माण इकाइयाँ, विकास केंद्र एवं आपूर्ति केंद्र शामिल हैं। कंपनी 100 से अधिक देशों में कार्य कर रही हैं। भारत में विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास और बिक्री के माध्यम से इसकी महत्वपूर्ण उपस्थिति है।
