rajasthan
rajasthan
Share This Article

रायपुर, 14 मार्च 2026/ ETrendingIndia / पाइपलाइन से ईंधन चोरी , राजस्थान में पेट्रोलियम पाइपलाइन से ईंधन चोरी करने की साजिश का मामला सामने आया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की शिकायत पर राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया और कथित मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला अगस्त 2023 का

पुलिस के अनुसार यह घटना अगस्त 2023 में पाली जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में हुई थी। आईओसीएल की केजेपीपीएल पाइपलाइन से पेट्रोलियम उत्पाद निकालने की कोशिश की गई थी। इस संबंध में 5 अगस्त 2023 को एसओजी थाने जयपुर में मामला दर्ज किया गया था।

पाइपलाइन में वाल्व लगाकर चोरी की योजना

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पाइपलाइन पर वेल्डिंग कर वाल्व और फ्लैंज पाइप लगाकर उसमें छेद कर दिया था। इस वाल्व के माध्यम से पेट्रोलियम को पास खड़े टैंकर में भरने की योजना बनाई गई थी। पाइपलाइन में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण इससे बड़ी दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो गया था।

तकनीकी जांच से खुला राज

एसओजी ने एफएसएल टीम, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय गवाहों की मदद से जांच की। इसके आधार पर चार आरोपियों—जितेंद्र सिंह रावत, देवेंद्र सिंह, प्रताप शेर सिंह और प्रेम सिंह—को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक आरोपी अब भी फरार

मामले में अहमदाबाद निवासी पंकज वाघेला की तलाश जारी है, जिसने पाइपलाइन में तकनीकी रूप से छेद करने में मदद की थी। पुलिस ने आरोपियों को पांच दिन की हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।