Share This Article

रायपुर 22 अप्रैल 2026/ ETrendingIndia / Woman duped of Rs 1.44 crore in the name of setting up industry: Four booked / उद्योग के नाम ठगी मामला , उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के सिडकुल क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन खरीदने वाली महिला ने जमीन विक्रेता दंपति और दो प्रॉपर्टी डीलरों पर 1.44 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने सिडकुल थाने में केस दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता राजरानी पत्नी विनीत कुमार, हाल निवासी कृष्णा गार्डन सोसायटी कनखल ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से बल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद हरियाणा की रहने वाली हैं। सिडकुल हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र में भूमि खरीदकर उद्योग स्थापित करना चाहती थीं।

इसी दौरान उनका संपर्क प्रॉपर्टी डीलर रतन कुमार पांडे और आसीमा से हुआ। आरोप है कि दोनों ने उनकी मुलाकात मानसी विरमानी और उसके पति आशीष विरमानी निवासी आवास विकास मॉडल कॉलोनी रानीपुर मोड़, हरिद्वार से कराई।

दंपति ने ग्राम सलेमपुर महदूद में भूमि दिखाते हुए दावा किया कि वह इसके संक्रमणीय भूमिधर हैं और भूमि का भू-उपयोग औद्योगिक श्रेणी में परिवर्तित है।

पीडि़ता के अनुसार आरोपियों के भरोसे में आकर उन्होंने 2008 वर्गमीटर भूमि एक करोड़ 24 लाख रुपये में खरीद ली। आरोप है कि भूमि का बैनामा 4 अप्रैल 2022 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय हरिद्वार में पंजीकृत कराया गया। बाद में जब उन्होंने औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए दाखिल-खारिज और राजस्व अभिलेखों की जांच कराई तो पता चला कि भू-उपयोग परिवर्तन आदेश इस शर्त पर हुआ था कि केवल मानसी विरमानी ही इस भूमि का उपयोग कर सकती हैं।

पीडि़ता ने आरोप लगाया कि यह जानकारी होने के बावजूद मानसी विरमानी, आशीष विरमानी, रतन कुमार पांडे और आसीमा ने मिलकर उनसे 1.24 करोड़ रुपये और कमीशन व अन्य खर्चों के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिए।

उन्होंने बताया कि भूमि की पैमाइश कराने पर यह भी सामने आया कि जिस जमीन पर कब्जा दिया गया, उसमें करीब आधी भूमि ग्राम समाज के नाले की निकली। इस प्रकार आरोपियों ने धोखाधड़ी के साथ फर्जीवाड़ा भी किया।

एसओ अजय शाह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।