tendu patta sangrahan
tendu patta sangrahan
Share This Article

रायपुर, 06 मई 2026/ ETrendingIndia / तेंदूपत्ता संग्रहण 2026 , जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, महासमुंद द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 के लिए 91 हजार 300 मानक बोरा का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में कार्य तेजी से जारी है।

       संघ के प्रबंध संचालक ने बताया कि जिले की 75 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 69 लॉट के लिए पहले ही क्रेताओं की नियुक्ति कर दी गई है। संग्रहण कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूर्व में 23 से 27 फरवरी 2026 तक शाखा कटाई (शाखकर्तन) प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। 

इसके बाद 5 मार्च से 15 मार्च 2026 के बीच 786 फड़ों में शाखा कटाई का कार्य पूरा किया गया।

      शाखा कटाई कार्य के लिए पिछले 5 वर्षों के औसत संग्रहण (77,341.527 मानक बोरा) के आधार पर समितियों को 70 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से कुल 54 लाख 13 हजार 907 रुपए का भुगतान किया गया, जो संबंधित समितियों के खातों में जमा कर दिया गया है।

      तेंदूपत्ता सीजन 2026 के लिए जिले के 1 लाख 18 हजार 646 संग्राहक परिवारों का पंजीयन ऑनलाइन भुगतान प्रणाली में किया गया है। संग्रहण कार्य के लिए मैदानी अमले, जोनल अधिकारियों, पोषक अधिकारियों, फड़ अभिरक्षकों और फड़मुंशियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। 

30 अप्रैल 2026 को आयोजित कार्यशाला में लिए गए निर्णय के अनुसार 3 मई 2026 से तेंदूपत्ता संग्रहण शुरू कर दिया गया है। 4 मई 2026 तक की स्थिति में 13,814.570 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण हो चुका है।

       इस संग्रहण के बदले लगभग 7 करोड़ 59 लाख 80 हजार 135 रुपए का पारिश्रमिक करीब 44 हजार 900 संग्राहक परिवारों को दिया जाएगा। 

यह योजना ग्रामीण और वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत साबित हो रही है।