रायपुर 27 मई 2026/ ETrendingIndia / Bloody game at Kotmi Bazaar in Pendra: Lakhs feared looted after bullion trader killed / सराफा कारोबारी हत्या , सैकड़ों लोगों की भीड़, बाजार की चहल-पहल और अचानक चली गोली… देखते ही देखते पूरा साप्ताहिक बाजार चीख-पुकार, भगदड़ और खून से सन गया, जब तीन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में सराफा कारोबारी को सीने में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और लाखों की लूट की आशंका के बीच फरार हो गए।
मंगलवार शाम पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जानकारी के मुताबिक पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू रोज की तरह कोटमी बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करने पहुंचे थे।
शाम के वक्त बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक तेजी से बाजार के भीतर पहुंचे और सीधे कारोबारी को निशाना बना लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने बिना कुछ बोले कारोबारी के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, कई दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दीं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कारोबारी के पास मौजूद सोने-चांदी और नगदी से भरा बैग भी अपने साथ ले गए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बहरहाल, साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े चली गोली ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
