लखनऊ, 31 मई 2026/ Asad, the main accused in the Surya Chauhan murder case, shot dead…Major action taken in the sensational murder case that occurred on Bakrid.
Surya Chauhan Murder Case : गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, लेकिन गोली लगने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है।
पुलिस के मुताबिक, देर रात उन्हें सूचना मिली थी कि 50 हजार के इनामी आरोपी असद अपने एक दोस्त से पैसे लेने खोड़ा इलाके में आने वाला है। पैसे लेने के बाद वह शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जाल बिछा दिया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
कुछ देर बाद असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में असद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल और आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि, असद के साथ मौजूद उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
CCTV में कैद हुई थी सूर्या की हत्या
इससे पहले सूर्या चौहान की हत्या का CCTV वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कुछ युवक चाकू से हमला करते नजर आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे थे। असद इस केस का चौथा और मुख्य आरोपी था।
परिजनों ने की थी एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग
सूर्या चौहान की हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा था। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन और एनकाउंटर की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सूर्या का अंतिम संस्कार कराया गया था।
पुलिस का कहना है कि फरार पांचवें आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
