CM Yogi Adityanath Mother DeathCM Yogi Adityanath Mother Death
Share This Article

देहरादून/लखनऊ, 20 नवंबर 2026। CM Yogi Adityanath Mother Death : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह उम्र से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।

पंचूर गांव में रहता था परिवार, यहीं बीता योगी का बचपन

सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है। योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन इसी गांव में बीता।

मई 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था। मां-बेटे की यह मुलाकात काफी चर्चा में रही थी।

एम्स ऋषिकेश में मां से मिलने पहुंचे थे योगी

जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे। उस दौरान वह ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल गए थे, जहां उनकी मां सावित्री देवी उपचार के लिए भर्ती थीं। योगी ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और डॉक्टरों से भी बातचीत की थी। जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया।

धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

वर्ष 2020 में हुआ था पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हुआ था। वह 89 वर्ष के थे और दिल्ली स्थित एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें किडनी और लिवर से संबंधित परेशानियां थीं। गंभीर हालत के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

पिता के निधन की सूचना उस समय योगी आदित्यनाथ को मिली थी, जब वह कोरोना संकट से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहने लगे थे।


Share This Article
Advertisement Carousel