रायपुर ,09 जून 2026/ ETrendingIndia / Oil Tanker Catches Fire Near Strait of Hormuz: 24 Indian Sailors Rescued , ईरान और इजरायल के बीच शुरू हुए संघर्ष के बीच सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक तेल टैंकर में आग लग गई, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे।
जहाजरानी मंत्रालय ने बताया कि ओमान के तट पर स्थित तेल टैंकर मारिवेक्स में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसमें सवार सभी नाविकों को बचा लिया गया है। वे सभी सुरक्षित हैं। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (एफएसयूआई) ने नाविकों के लिए तत्काल सहायता मांगी थी।
मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मेडागास्कर के ध्वज वाला जहाज माल नहीं ले जा रहा था। उन्होंने बताया, सभी भारतीय नौसैनिक फिलहाल सुरक्षित हैं। हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों, भारतीय नौसेना और रक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहे हैं।
जहाज में आग कैसे लगी, इसका कारण पता नहीं चला है। फिलहाल, जांच शुरू कर दी गई है।
एफएसयूआई ने हमले की प्रकृति, पोत का नाम या चालक दल की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है और न ही भारतीय नौसेना, विदेश मंत्रालय या अन्य सरकारी एजेंसियों ने घटना की पुष्टि की है।
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है, जब अमेरिका ने अंतिम समझौता होने तक होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी बंदरगाहों से नाकाबंदी न हटाने की बात कही है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में आग के पीछे अज्ञात हमला बताया जा रहा है।
