रायपुर, 10 जून 2026/ A major plan for the youth of Chhattisgarh…! Direct employment after skill training… Action also being taken against drug and mobile phone addiction.
Youth Empowerment : छत्तीसगढ़ सरकार अब बेरोजगारी, मोबाइल एडिक्शन और ड्रग्स की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए युवाओं पर बड़ा फोकस करने जा रही है। राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा ने साफ कहा है कि युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नवा रायपुर में आयोजित एसएसएम पीआईयू एवं एम एंड ई यूनिट्स के इंडक्शन कार्यक्रम में श्री मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा खेती-किसानी से दूर हो रहे हैं, लेकिन उनके पास रोजगार के पर्याप्त विकल्प भी नहीं हैं। यही वजह है कि सरकार अब 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रमों से जोड़ने जा रही है।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की अब तक की सबसे बड़ी टीम छत्तीसगढ़ में काम कर रही है और अगले छह महीनों में युवाओं के लिए विशेष रोजगार आधारित कार्ययोजना तैयार होगी।
इन क्षेत्रों में मिलेगी ट्रेनिंग
सरकार युवाओं को केवल ट्रेनिंग ही नहीं बल्कि रोजगार से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके तहत प्लंबर, गार्डनर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन, टीवी मैकेनिक, मोबाइल रिपेयरिंग समेत कई रोजगारपरक व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हर जिले में रोजगार आयोजन
राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि उद्योगों, निजी संस्थानों और सिविल सोसायटी संगठनों के सहयोग से प्रत्येक जिले में विशेष रोजगार कैंप लगाए जाएंगे। यहां प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को सीधे नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सामाजिक चुनौतियों पर नियंत्रण पाना है।
श्री मिश्रा ने विश्वास जताया कि कौशल विकास और रोजगार आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ देश में युवा सशक्तिकरण का मॉडल राज्य बन सकता है।
