CG NewsCG News
Share This Article

रायपुर, 13 सितंबर। CG News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षक बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देते हैं। बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा की भूमिका को रेखांकित किया।

81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

मुख्यमंत्री साय ने समारोह में जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत में गुरु के सम्मान की गौरवशाली परंपरा रही है। शिक्षक का ज्ञान और संस्कार केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। यही वजह है कि शिक्षक को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है।

हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और समान अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर करने वाला प्रकाश है। यह व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी देती है। सरकार का प्रयास है कि गांव हो या शहर और आर्थिक स्थिति चाहे जैसी हो, हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने का समान अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, AIIMS और ट्रिपल आईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं युवाओं को उच्च और तकनीकी शिक्षा के नए अवसर दे रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई दिल्ली में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों में बाधा न बनें, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए सहायता दी जा रही है। लक्ष्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है, जो आत्मविश्वासी, कुशल और सक्षम होकर विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

बेमेतरा को गौरव पथ और नए विद्युत सब-स्टेशन की सौगात

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने और ग्राम पंचायत तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी लगातार काम कर रही है। बेहतर अधोसंरचना से शहरों और गांवों के विकास को गति मिलेगी और लोगों का जीवन अधिक सुविधाजनक होगा।

‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान में बेमेतरा के प्रयासों की सराहना

समारोह में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधारने के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में आगे लाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष रूप से सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि पानी की हर बूंद को बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन के प्रयासों में जब जनभागीदारी जुड़ती है तो बड़े बदलाव संभव होते हैं। इस दौरान समाजसेवी संस्थाओं और प्रबुद्ध नागरिकों की ओर से प्रकाशित ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

अरुण साव बोले- शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु का स्थान हमेशा सर्वोच्च रहा है। शिक्षक ज्ञान का प्रकाश फैलाकर नई पीढ़ी को सही दिशा देते हैं और समाज एवं राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके अनुभव और मार्गदर्शन को आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बताया।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की शक्ति पैदा करती है। शिक्षक बच्चों को शिक्षित करने के साथ उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और तकनीक आधारित सुशासन के जरिए लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कुशल युवा शक्ति और मजबूत गांव-शहर ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव तैयार करेंगे।


Share This Article