Share This Article

रायपुर, 14 जून 2026/ ETrendingIndia / “Police search campaign in BSUP colony: Sudden inspection of 300 houses, verification of suspicious persons, tenants, and history-sheeters” राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने 300 से अधिक मकानों की सघन जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों और निगरानी बदमाशों का सत्यापन किया।

पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर थाना सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में यह विशेष अभियान संचालित किया गया।

अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन), सहायक पुलिस आयुक्तों और संबंधित थाना प्रभारियों ने किया।
सुबह 8 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की।

क्षेत्र में निवासरत गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। साथ ही बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के पहचान दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।

पुलिस ने घर-घर पहुंचकर निवासियों से आवश्यक जानकारी एकत्र की और सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। अभियान के दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें कड़ी चेतावनी भी दी।

अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उन्हें अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई।

पुलिस के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना, क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक चेकिंग और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेंगे।