रायपुर, 09 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Hunting video goes viral on social media: 5 accused arrested for poaching wildlife including monitor lizard” धमतरी जिले के बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वीडियो में आरोपी दुर्लभ प्रजाति के गोह (मॉनिटर लिजर्ड) सहित अन्य वन्यजीवों का शिकार करते दिखाई दे रहे थे।
वन विभाग के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई। सभी आरोपी कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
उन्होंने बीरगुड़ी वन परिक्षेत्र के जंगल में वन्यजीवों का शिकार किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार टेकाम, घसिया, प्रदीप नेताम, शैलेन्द्र कुमार यादव और शिवानंद मरकाम शामिल हैं। सभी ग्राम भनसुली, तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर के निवासी बताए गए हैं।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार, तस्करी और वन कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।
