रायपुर,13 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Chhattisgarh Government: Select option between upgraded pay scale or time-bound pay scale by July 31st” सामान्य प्रशासन विभाग ने शिक्षक संवर्ग के सहायक शिक्षकों, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों, निर्माण विभागों / अन्य विभागों के उपअभियंताओं तथा वन विभाग के वनक्षेत्रपालों के लिए क्रमोन्नत योजनाओं को वित्त विभाग के प्रचलित समयमान वेतनमान में से किसी एक योजना का चयन करने के लिए अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र कर्मचारी केवल एक बार के लिए 31 जुलाई 2026 तक अपना विकल्प प्रस्तुत कर सकेंगे।
यह निर्णय विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों से प्राप्त ज्ञापनों के आधार पर लिया गया है।
मुख्य बिंदु
31 जुलाई तक बढ़ी समय सीमा
पहले 9 जून 2026 के आदेश के तहत कर्मचारियों को विकल्प देने के लिए एक माह का समय दिया गया था। अब इसे केवल एक बार बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 तक कर दिया गया है।
इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
यह सुविधा केवल शिक्षक संवर्ग के सहायक शिक्षक, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, निर्माण विभागों एवं अन्य विभागों के उपअभियंता तथा वन विभाग के वनक्षेत्रपालों के लिए लागू होगी, जिनकी नियुक्ति 1 अप्रैल 2026 से पहले हुई है।
एक योजना का करना होगा चयन
पात्र कर्मचारी क्रमोन्नत वेतनमान या समयमान वेतनमान में से जो योजना अधिक लाभप्रद हो, उसका चयन कर सक्षम प्राधिकारी को अपना विकल्प प्रस्तुत कर सकेंगे।
अन्य संवर्ग पर लागू नहीं
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अन्य किसी शासकीय कर्मचारी संवर्ग पर लागू नहीं होगी।
छत्तीसगढ़ अधिकारी – कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक श्री कमल वर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में संघ द्वारा राज्य शासन को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पत्राचार किया गया था.

