रायपुर, 14 जुलाई 2026/ Tribal Development: A new picture of tribal development in two and a half years…! The Sai government highlights major achievements… bold claims ranging from education to employment.
Tribal Development : छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में आदिवासी समाज के विकास को लेकर किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम और विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने संयुक्त प्रेसवार्ता में शिक्षा, रोजगार, खेल, वनाधिकार और अधोसंरचना से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति मिली है।
मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि प्रदेश की 43 जनजातियों और उनके उपसमूहों के लिए कई नवाचार आधारित योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वर्ष 2025-26 में 84,702 विद्यार्थियों को 94.57 करोड़ रुपये की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई। राज्य में 2,817 आश्रम और छात्रावास संचालित हैं।
84 हजार छात्रों को छात्रवृत्ति
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि राज्य के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 27 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों के छात्रों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में 162 पदक (55 स्वर्ण, 43 रजत और 64 कांस्य) जीतकर छत्तीसगढ़ को देश में दूसरा स्थान दिलाया।
सरकार ने बताया कि ‘युवा करियर निर्माण योजना’ के माध्यम से अब तक 164 युवाओं का चयन विभिन्न अखिल भारतीय और राज्य स्तरीय सेवाओं में हुआ है। आगामी वर्ष से इसे CG-ACE योजना के रूप में और व्यापक बनाया जाएगा।
PM-JANMAN में छत्तीसगढ़ को सम्मान
वनाधिकार अधिनियम के तहत राज्य में 4.28 लाख से अधिक व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए हैं तथा लंबित मामलों के तेजी से निराकरण का दावा भी किया गया। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए देवगुड़ी निर्माण, जनजातीय गौरव दिवस और शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
सरकार ने यह भी बताया कि PM-JANMAN योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। वहीं 2026-27 के बजट में आदिम जाति विकास विभाग के लिए 2,136.26 करोड़ रुपये तथा जनजातीय उपयोजना के लिए 42,165.95 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
