रायपुर,17 जुलाई / ETrendingIndia / District Level Employment Fair, Kondagaon: 50 Youth Selected / जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
मेले में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रोजगार एवं कैरियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित रोजगार कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में निजी संस्थान मेसर्स फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट तथा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि., कोण्डागांव द्वारा फायरमैन, सिक्योरिटी गार्ड, फूड पैकिंग, ड्राइवर, वार्ड बॉय, वार्ड गर्ल, होम केयर टेकर एवं फील्ड ऑफिसर सहित कुल 185 पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
मेले में कुल 628 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 213 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया के उपरांत 90 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जिनमें से 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर उन्हें नियुक्ति के लिए चयनित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक परियोजना अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
