रायपुर, 19 जुलाई 2026/ Run For Green: ‘Ek Ped Maa Ke Naam’ campaign turns into a mass movement…! A massive crowd turns out for ‘Run For Green’ in support of a greener Korba.
Run For Green : पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने तथा कोरबा जिले को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए आज कोरबा जिला प्रशासन द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया।
डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम, घंटाघर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर तथा अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
पाँच किलोमीटर की इस मैराथन में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
मैराथन के पश्चात पौधरोपण
मैराथन के पश्चात प्रतिभागियों ने पौधरोपण किया तथा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जुम्बा सत्र – युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया
प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने मैराथन में शामिल होकर सभी का उत्साह बढ़ाया।
खेल एवं जीवन में अनुशासन अपनाए
उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, कठिनाइयों से घबराए बिना निरंतर आगे बढ़ने तथा खेल एवं जीवन दोनों में अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा एक औद्योगिक एवं खनन क्षेत्र है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक अपने घर, मोहल्ले, विद्यालय, संस्थान अथवा सार्वजनिक स्थान पर पौधरोपण करना चाहते हैं, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई ।
महिला वर्ग में नेहा साहू प्रथम
मैराथन में महिला वर्ग में नेहा साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10,000 रुपये का पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान पर कुमारी अनंता रूपदास को 5,000 तथा तृतीय स्थान पर शीतल कौशल को 3,000 रुपए का पुरस्कार मिला। चौथे स्थान पर गुंजा देवांगन, पाँचवें स्थान पर अदिति साहू, छठे स्थान पर श्रीमती गोमती, सातवें स्थान पर रिमी केंवट, आठवें स्थान पर निशा सिदार, नौवें स्थान पर सोफिया किस्पोट्टा तथा दसवें स्थान पर पूनम नाग रहीं।
पुरुष वर्ग में मनीष कुमार प्रथम
पुरुष वर्ग में मनीष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें दस हजार की राशि दी गई। मैराथन में अनुराग श्रीवास ने द्वितीय तथा निखिल बरेठ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चौथे स्थान पर प्रदीप सिंह, पाँचवें स्थान पर जूदेव पटेल, छठे स्थान पर प्रिंस यादव, सातवें स्थान पर रामशंकर, आठवें स्थान पर अमन एक्का, नौवें स्थान पर अभिषेक शाह तथा दसवें स्थान पर सोनू अमिया रहे।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जेसीआई, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में जिले के 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने भी अपनी सहभागिता देंकर युवाओं में जोश और उत्साह कायम किया।
जिले के कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने हरियाली का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा का प्रभावी संदेश दिया।
