रायपुर, 20 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / The cries of a newborn echo in Vice President JD Vance’s home… A unique record set in America after 150 years… Wife Usha gives birth to a son. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस के घर एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है।
दंपति ने चौथी बार माता-पिता बनने का गौरव हासिल किया है। इस बेटे के जन्म के साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नाम एक बेहद अनोखा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
अमेरिकी इतिहास में पिछले 150 से अधिक वर्षों में यह पहला मौका है, जब पद पर रहते हुए किसी मौजूदा उपराष्ट्रपति के घर बच्चे का जन्म हुआ है।
इस सुखद समाचार के सामने आने के बाद से ही वैश्विक स्तर पर दंपति को बधाइयाँ मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है।
जेडी वेंस और उषा वेंस ने सोशल मीडिया पर खुशखबरी को साझा किया
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उषा वेंस ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी कर इस खुशखबरी को पूरी दुनिया के साथ साझा किया।
बेटे का नाम ‘एलेक नील वेंस’ रखा
अपने बयान में उन्होंने बच्चे के नाम का खुलासा करते हुए कहा, हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे घर एक प्यारे से बेटे का जन्म हुआ है, जिसका नाम हमने ‘एलेक नील वेंस’ रखा है।
उषा और हमारा नवजात बच्चा दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं। हमारे बाकी तीनों बच्चे अपने छोटे भाई के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित और खुश हैं।
मेडिकल टीम और मिलिट्री डॉक्टर्स का जताया आभार
अपनी खुशी साझा करते हुए जेडी वेंस ने चिकित्सा टीम का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “वॉल्टर रीड मेडिकल सेंटर और व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के बेहतरीन मिलिट्री डॉक्टर और स्टाफ सदस्य हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं रहे हैं। उन्होंने इस सफर में हमारे परिवार की जो देखभाल और सहयोग किया है, उसके लिए हम दिल से उनके आभारी हैं।”
उषा है भारतीय मूल की , आंध्र प्रदेश से है ताल्लुक …
आपको बता दें कि जेडी वेंस की 40 वर्षीय पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस भारतीय मूल की हैं और उनका परिवार मूल रूप से भारत के आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखता है।
उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी, जिसके बाद साल 2014 में दोनों शादी के बंधन में बंधे थे।
वेंस दंपति के तीन अन्य बच्चों में नौ वर्षीय इवान, छह वर्षीय विवेक और चार वर्षीय मिराबेल शामिल हैं।
1870 के बाद पहली बार हुई ऐसी दुर्लभ घटना
दिलचस्प बात यह है कि रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस लंबे समय से अमेरिकी परिवारों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने वाले बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं, और उनके चौथे बच्चे का जन्म उन्हीं के विचारों की तस्दीक करता है।
अमेरिकी इतिहास के पन्नों को पलटें तो पद पर रहते हुए किसी उपराष्ट्रपति के घर बच्चे के जन्म की ऐसी आखिरी घटना साल 1870 में हुई थी। उस समय अमेरिका के तत्कालीन उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स और उनकी दूसरी पत्नी एलेन वेड के घर बेटे का जन्म हुआ था, जिसका नाम शायलर कोलफैक्स तृतीय रखा गया था। उसके बाद से अब जाकर यह ऐतिहासिक संयोग दोबारा बना है।

