रायपुर, 21 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / National Lok Adalat on September 12… Meeting of railway officials regarding preparations, emphasis on maximum resolution of compoundable cases… आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट श्री मयंक सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इसमें रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे पोस्ट प्रभारियों ने भाग लिया।
विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट श्री मयंक सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे अधिनियम के अंतर्गत समझौतायोग्य प्रकरणों का अधिक से अधिक चिन्हांकन किया जाए और उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निराकरण हेतु प्रस्तुत किया जाए। इससे अधिक से अधिक पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ मिल सकेगा।
बैठक में जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) अधिनियम के अंतर्गत संशोधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र प्रकरणों का समयबद्ध परीक्षण कर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उनके अधिकतम निराकरण का प्रयास सुनिश्चित करें।
