रायपुर, 23 जुलाई 2026 / ETrendingIndia / NMDC’s Girls’ Education Scheme: Admission to free nursing courses for tribal female students / एनएमडीसी लिमिटेड के बचेली कॉम्प्लेक्स ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के तहत बस्तर संभाग की अनुसूचित जनजाति (अजजा) की BPL छात्राओं के लिए बीएससी नर्सिंग और जीएनएम पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित छात्राओं को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। आवेदन 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदिका की आयु 17 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वह दंतेवाड़ा, बस्तर, सुकमा, कोंडागांव, बीजापुर या नारायणपुर जिले की निवासी तथा गरीबी रेखा से नीचे (वार्षिक आय 72 हजार रुपये तक) परिवार से हो। 12वीं विज्ञान विषयों में कम से कम 45 प्रतिशत अंक और अंग्रेजी विषय में उत्तीर्ण होना आवश्यक है। बीएससी नर्सिंग के लिए NEET-2026 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया
कुल 200 सीटों में 110 बीएससी नर्सिंग और 90 जीएनएम की हैं। चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा वस्तुनिष्ठ (OMR) आधारित होगी।
कहां मिलेगा प्रवेश
चयनित छात्राओं को चेन्नई, चित्तूर और हैदराबाद के प्रतिष्ठित नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। एनएमडीसी परियोजना क्षेत्र की पात्र छात्राओं को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
