रायपुर, 23 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / मध्यप्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 9,662 नए पदों पर भर्ती की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर गृह विभाग ने एक ही दिन में चार अलग-अलग आदेश जारी किए। सरकार का लक्ष्य प्रदेश पुलिस में कुल 18 हजार रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरना है।
सबसे अधिक 7,500 आरक्षक पद स्वीकृत
स्वीकृत पदों में 7,500 आरक्षक (जीडी), 1,000 आरक्षक (चालक), 507 उपनिरीक्षक एवं अन्य अधिकारी वर्ग तथा 655 सहायक उपनिरीक्षक और शीघ्र लेखक के पद शामिल हैं। इन भर्तियों से पुलिस बल की क्षमता और कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पदोन्नति अभियान भी रहेगा जारी
हाल ही में लगभग 25 हजार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि रिक्त पदों की भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी .
सितंबर में भी शेष पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से पदोन्नति देने की तैयारी की जा रही है।
देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाना है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति बेहतर होने के बाद पुलिस विकास कार्यों और जनसेवा में भी अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
सरकार का मानना है कि नई भर्ती से पुलिस व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा दोनों को मजबूती मिलेगी।
