रायपुर, 24 जुलाई 2026/ Raipur Municipal Corporation: Municipal raid on 5 shops in Raipur…! Fines totaling ₹15,000 imposed for single-use plastic, filth, and the absence of dustbins.
Raipur Municipal Corporation : राजधानी रायपुर में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। जोन क्रमांक-3 स्वास्थ्य विभाग ने लोधीपारा स्थित वीरांगना अवंति बाई लोधी चौक से क्रिस्टल आर्केड तक पांच दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, डस्टबिन की अनुपस्थिति और गंदगी मिलने पर कुल ₹15 हजार का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में जनशिकायत सही पाई गई। इसके बाद जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी ने मौके पर ही ई-चालान जारी किए।
इन दुकानों पर हुई कार्रवाई
- पंजाबस तड़का – ₹5,000
- रोल्स मानिया – ₹5,000
- कृष्णा स्वीट्स – ₹3,000
- मोहित खत्री – ₹1,500
- प्रशांत तिवारी (अमृततुल्य चाय) – ₹500
निरीक्षण के दौरान जब्त किए गए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को मौके पर ही कब्जे में लिया गया। साथ ही सभी दुकानदारों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
