रायपुर, 29 जुलाई। Odisha Flood Alert : देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश अब बाढ़ का रूप लेती जा रही है। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में गहरे कम दबाव (Deep Depression) के कारण हुई मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, जबकि कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और सड़कों तक पहुंच गया है।
अगले 24 घंटे बेहद अहम
ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के लिए अगले 24 घंटे बेहद नाजुक हैं। वहीं क्योंझर, सुंदरगढ़ और संबलपुर को भी संवेदनशील जिलों की सूची में रखा गया है।
NDRF-ODRAF मोर्चे पर
बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF, ODRAF और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। स्थिति की निगरानी के लिए राज्य सरकार ने तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
राहत शिविरों में भोजन और शिशु आहार की व्यवस्था
प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां पका हुआ भोजन, सूखा राशन और शिशु आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है।
जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
बाढ़ और लगातार बारिश को देखते हुए बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज, सुंदरगढ़ और क्योंझर जिलों के सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ पर भी नजर
जल संसाधन विभाग के अनुसार, महानदी पर बने हीराकुड बांध के डिस्चार्ज गेट फिलहाल बंद रखे गए हैं। उधर, छत्तीसगढ़ में भी पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में जल संसाधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
