रायपुर, 02 अगस्त 2026/ Drug-Free India : भारत सरकार के साथ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा किए गए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अनुरूप पूरे देश भर में दस करोड़ लोगों का नशामुक्ति के लिए प्रेरित करते हुए प्रतिज्ञा कराने का संकल्प लिया गया।
आज इस देशव्यापी अभियान का वर्चुअल शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी द्वारा किया गया। रायपुर के शान्ति सरोवर मेें आयोजित कार्यक्रम में नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, भाजपा प्रवक्ता शताब्दि पाण्डे एवं तौकीर राजा, अमेरिका सेना की पूर्व कर्नल डॉ. हंसा रावल, ब्रह्माकुमार मार्क भाई, वन विकास निगम के प्रबन्ध संचालक प्रेम कुमार, क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी, रायपुर संचालिका बीके सविता दीदी ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर बोलते हुए अमेरिकी सेना की पूर्व कर्नल डॉ. हंसा रावल ने कहा कि अमेरिका में जब मैं सेवा देती थी तो वहाँपर ईलाज के लिए बहुत से नशे के शिकार युवक-युवतियों को लाते थे। अमेरिका में मैने नोटिस किया कि वहाँ के इण्डियन्स बदनामी की डर से अपने बच्चों के नशे की बात को छिपाते थे।
जबकि इसके विपरीत अमेरिकन्स को जैसे ही पता चलता था कि बच्चा नशा कर करने लगा है तो उसे तुरन्त पुलिस बुलाकर उसे एक दिन के लिए जेल में डलवा देते थे। अगर बच्चों को नशामुक्त करना है तो छिपाएं नहीं तुरन्त उसका इलाज कराएं। सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।
वन विकास निगम के प्रबन्ध संचालक प्रेम कुमार (आईएफएस) कहा कि हमारे देश के युवा ही भटक जाएंगे तो इन्हें कौन रास्ता दिखाएगा? हरेक व्यक्ति जीवन में सुख चाहता है। सुख प्राप्त करने के अनेक मार्ग हैं। चाहे वह अध्यात्म से मिले या नशे से। अध्यात्म और संस्कार के मामले में हमारा देश अग्रणी है। सारे विश्व से लोग शान्ति के लिए यहाँ आते हैं।
क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि जब दस करोड़ व्यक्ति एक साथ नशामुक्ति का सकंल्प करेंगे तो वह सकंल्प नहीं रह जाएगा बल्कि सामाजिक क्रान्ति बन जाएगी। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं है। यह एक राष्ट्रीय जागरण का कार्य है।
रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने सभी को नशा मुक्त जीवन के लिए प्रतिज्ञा कराई। उन्होंने कहा कि प्रतिज्ञा को सिर्फ दोहराएं नहीं वरन् इसे आत्मसात करने का संकल्प करें।
