Chhattisgarh Scholarship: Chief Minister's Knowledge Encouragement Scheme (Mukhyamantri Gyan Protsahan Yojana)... Online registration has begun for meritorious 10th and 12th-grade students... Apply by August 30.
Chhattisgarh Scholarship
Share This Article

रायपुर, 05 अगस्त 2026/ Chhattisgarh Scholarship : छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन शुरू कर दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के निर्देशानुसार पात्र छात्र-छात्राएं राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

29 जुलाई से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

योजना के तहत ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया 29 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए कॉलेज प्रवेश को ध्यान में रखते हुए अलग लिंक उपलब्ध कराया गया है, जबकि कक्षा 10वीं के पात्र विद्यार्थियों (विशेष रूप से मेरिट सूची में शामिल एससी/एसटी वर्ग) के लिए अलग पंजीयन एवं सत्यापन व्यवस्था की गई है।

इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

ऑनलाइन आवेदन के लिए विद्यार्थियों को:

  • बोर्ड परीक्षा का रोल नंबर
  • स्थायी जाति प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो)
  • मूल निवासी प्रमाण-पत्र
  • अन्य आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।

इसके बाद संबंधित स्कूल और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पूर्ण होने के बाद पात्र आवेदनों को लोक शिक्षण संचालनालय भेजा जाएगा।

100% पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारियों ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO), प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन और सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है, ताकि कोई भी मेधावी छात्र प्रोत्साहन राशि से वंचित न रहे।