Share This Article रायपुर, 08 अगस्त 2026/ Teacher Transfer List : छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित तबादले का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 700 शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं। स्थानांतरण के लिए तैयार की गई प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक कई स्तरों पर जांच और परीक्षण के बाद शिक्षकों के नाम फाइनल किए गए। विभागीय स्तर पर तैयार प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। समीक्षा और समन्वय के बाद इसे घटाकर करीब 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। इसके बाद अंतिम परीक्षण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद अंतिम रूप से स्वीकृत करीब 700 शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। किन शिक्षकों का नहीं हुआ तबादला? शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता दी। इसी के तहत कई श्रेणियों के प्रकरणों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया। इनमें युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक और ऐसे शिक्षक जिनके स्थानांतरण से विद्यालय शिक्षकविहीन हो सकता था, शामिल हैं। इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण के प्रकरण तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों का भी परीक्षण किया गया। जिन मामलों में स्थानांतरण से स्कूल में शिक्षकों की कमी होने या विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी, उन्हें अंतिम सूची से बाहर रखा गया। कई स्तरों पर हुई जांच स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तक कई स्तरों पर जांच के बाद करीब 400 नाम हटाए गए। अब अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी होने के साथ ही इस प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार समाप्त हो गया है। अगले चरण में ऑनलाइन ट्रांसफर की तैयारी वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग भविष्य में शिक्षकों के तबादले की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने पर भी विचार कर रहा है। विभागीय स्तर पर शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन जारी है। व्यवस्था लागू होने पर शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन शिक्षक स्थानांतरण प्रणालियों का भी अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के परीक्षण के बाद शासन स्तर पर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल 700 शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी होने के बाद संबंधित शिक्षकों की नजरें अब अपने नए पदस्थापना स्थल पर टिकी हैं। School-Edu.-TransferDownload Share This Article Post navigation SECR Ticket Checking : भाटापारा स्टेशन पर रेलवे की बड़ी कार्रवाई…! 191 बिना टिकट यात्री पकड़े…₹2.45 लाख वसूले MP New Train : इटारसी-मदन महल के बीच दैनिक पैसेंजर सेवा शुरू