Khamenei : स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो सामने आया
Khamenei
रायपुर, 09 अगस्त 2026/ Khamenei : ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनका एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें मुजतबा स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं और जमीन पर बैठकर कुछ लोगों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
सर्वोच्च नेता बनने के बाद यह उनका पहला वीडियो है। हालांकि, वीडियो कबका है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
इसे सूत्रों ने जारी किया है। ये वीडियो ऐसे वक्त सामने आया है, जब हाल ही में इजरायली मीडिया ने दावा किया था कि मोजतबा की हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट में ईरानी अधिकारियों और मुजतबा की चिकित्सा टीम के करीबी सूत्रों के हवाले से ये दावा किया गया था।
यहां तक कहा गया था कि कभी भी उनके निधन की खबर आ सकती है। इसके बाद ईरान से ये वीडियो सामने आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस हमले में आयातुल्लाह अली खामेनेई मारे गए थे, उसी हमले में मोजतबा घायल हो गए थे। बाद में दावा किया गया कि उनका एक हाथ और पैर क्षतिग्रस्त हो गया। होंठ में भी चोट आई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मोजतबा या तो मर चुके या गंभीर घायल हैं। इस बीच मोजतबा के चीन और रूस जाने को लेकर भी दावे सामने आए।
