Colombia में खौफनाक भूकंप…! 7.4 की तीव्रता से ढही इमारतें; 111 मौतें…यहां देखें VIDEO

Terrifying earthquake in Colombia...! Buildings collapsed under 7.4 magnitude; 111 dead... Watch the video here.

Colombia

Share This Article

रायपुर, 11 अगस्त 2026/ Colombia : दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार, 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के बाद मौतों का आंकड़ा बढ़कर 111 पहुंच गया है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कई इमारतें ढह गईं और कुछ जगहों पर लोग मलबे में फंस गए। राहत और बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप 12:34 UTC यानी स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र कोलंबिया के चोको विभाग में सैन जोस डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में था। भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर बताई गई है।

कई शहरों में भारी नुकसान

भूकंप के झटके कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए। कैली के मेयर अलेजांद्रो एदेर के मुताबिक शहर में कम से कम 20 इमारतें ढह गईं, जबकि कुछ इमारतों में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को निकालने में जुटे हैं।

पेरेरा और मनिजालेस समेत कई शहरों में भी भूकंप से नुकसान की खबर सामने आई है। अधिकारियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस नहीं जाने और बड़ी दरारें दिखाई देने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।

एयरपोर्ट सेवाएं भी प्रभावित

भूकंप के बाद कोलंबिया के कई एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं। पेरेरा, मनिजालेस, क्विब्दो, आर्मेनिया, कार्टागो और बुएनावेंतुरा के हवाई अड्डों पर यात्रियों और विमानों की सुरक्षा जांच के दौरान उड़ानें रोकी गईं। राजधानी बोगोटा में भी झटके महसूस किए गए, हालांकि मेयर कार्लोस गालान के मुताबिक शहर में बड़े नुकसान की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

वेनेजुएला तक महसूस हुए झटके

भूकंप का असर पड़ोसी देशों तक भी महसूस किया गया। वेनेजुएला के ताचिरा और बारकिसिमेतो में लोगों ने तेज झटके महसूस होने की जानकारी दी। हालांकि अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की।

फिलहाल कोलंबियाई आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। बचाव अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।