Farmer Announcement: CM Mohan Yadav's major announcement for farmers...! Fourfold compensation for land acquisition.Farmer Announcement
Share This Article

रायपुर, 12 अगस्त 2026/ Farmer Announcement : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हित में बड़ा भरोसा देते हुए कहा है कि उनकी सरकार खेती और किसान की जमीन की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपनी कृषि भूमि को हर हाल में सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि भूमि हमारी माता है और हमारा उदर-पोषण करती है, इसलिए इसे किसी को न बेचें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों के लिए यदि कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जाता है तो किसानों को एक-दो नहीं, बल्कि चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।

‘आपके खेत सरकार के लिए देवस्थल’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय से भोपाल की करोंद कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने किसानों से कहा कि ‘आपके खेत सरकार के लिए देवस्थल हैं और आपका एक-एक दाना हमारे लिए प्रसाद के समान है।’ उन्होंने कहा कि किसानों के पसीने की हर बूंद के सम्मान के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों की मेहनत, समर्पण और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने का माध्यम है। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महोत्सव में मौजूद किसानों से संवाद भी किया।

‘किसानों की खुशी हमारे लिए सबसे बड़ी दिवाली’

डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की खुशी सरकार के लिए होली और सबसे बड़ी दिवाली के समान है। उन्होंने किसानों से पूरे उत्साह के साथ बलराम कृषि महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। पिछले 26 दिनों में यह प्रदेश का 14वां आयोजन है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भोपाल मुख्यालय में भी एक बड़े कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘कवच’ योजना से किसानों को आर्थिक सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से सरकार ने ‘कवच’ योजना शुरू की है। इसके माध्यम से सहकारी खातों की पुरानी गड़बड़ियों को दूर कर करीब 5 हजार किसानों को ऋण और विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया गया है। योजना के तहत किसानों को बिना ब्याज ऋण देने और ऋण चुकाने के लिए पूरे 12 महीने का समय देने की व्यवस्था की गई है।

कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का किसान अपने परिश्रम से प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश दलहन उत्पादन में देश में पहले, अन्न उत्पादन में दूसरे, तिलहन में दूसरे और दुग्ध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने यह भी कहा कि जैविक खेती और जैविक कपास उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है।

खेती की लागत घटाने और आय बढ़ाने पर जोर

सरकार किसानों की आय के साधन बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा तकनीक और नवाचार के माध्यम से उत्पादन एवं आमदनी बढ़ाने पर विशेष जोर दे रही है। सरकार ने प्रदेश में सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर, उद्यानिकी का रकबा 30 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने और 10 हजार नई सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने किसानों से फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। साथ ही पशुपालन और मछली पालन से जुड़ने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेती को सिर्फ अन्न उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उसे प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग से जोड़कर किसानों की आय के नए रास्ते तैयार किए जा रहे हैं।


Share This Article