Share This Article रायपुर, 13 अगस्त 2026/ MP PWD : चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत और निर्माण कार्यों में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार का गुस्सा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों पर फूट पड़ा। मंगलवार को विधायक दल-बल के साथ PWD कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता पंकज खड़ारे के सामने विभागीय कार्यप्रणाली पर जमकर नाराजगी जताई। बैठक के दौरान विधायक ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण की स्थिति इतनी खराब है कि ऐसा लगता है कि ‘विधायक जी मर जाएं या 5 साल पूरे हो जाएं, तब काम होगा।’ 1100 करोड़ की सड़क मंजूरी, फिर भी सड़कें बदहाल विधायक गहरवार ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके बावजूद कई सड़कें निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ने और खराब होने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सड़कों का काम कागजों में पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि मौके पर निर्माण कार्य दिखाई नहीं देता। विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल उठाए। SDO की कार्यप्रणाली पर भी सवाल विधायक ने PWD के मझगवां में प्रभारी SDO अश्वनी निगम की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी विकास कार्यों की बजाय अन्य मामलों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। विधायक के विरोध और शिकायतों के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। मुख्य अभियंता पंकज खड़ारे के निर्देश पर प्रभारी SDO अश्वनी निगम को पद से हटा दिया गया और उनके स्थान पर दूसरे सहायक अभियंता को मझगवां का प्रभार सौंपा गया। अधिकारी मदमस्त हो गए हैं : विधायक विधायक गहरवार ने अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि विभाग के अधिकारी इतने ‘मदमस्त’ हो गए हैं कि उन्हें आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समय पर समाधान होना चाहिए और सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। मुख्य अभियंता ने विधायक को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाई गई शिकायतों और समस्याओं का परीक्षण कराया जाएगा और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। Share This Article Post navigation IRCTC का शानदार MP Tour Package…! ₹38,500 में भोपाल से पचमढ़ी तक घूमिए…फ्लाइट-होटल-खाना सब शामिल…किसका कितना किराया…? यहां देखें