Share This Article रायपुर, 15 अगस्त 2026/ IGKV Independence Day 2026 : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कृषि महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय समारोह में कुलपति डॉ. (कर्नल) गिरीश चंदेल ने राष्ट्रध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कुलपति डॉ. चंदेल ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर वीर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी के आठ दशक में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अभी भी कई चुनौतियां सामने हैं। कृषि में आत्मनिर्भरता के लिए युवाओं से आह्वान डॉ. चंदेल ने कहा कि देश को कृषि उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना आज की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शोध, नवाचार और तकनीक के जरिए कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को कृषि की उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देश के 70 से अधिक अग्रणी विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ MoU किए गए हैं। विदेशी संस्थानों में शोध के लिए चुने गए वैज्ञानिक और विद्यार्थी कुलपति ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय के दो वैज्ञानिकों और पांच विद्यार्थियों का विदेशी शिक्षण संस्थानों में शोध अध्ययन के लिए चयन हुआ है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर और शोधार्थी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों में बेस्ट पोस्टर और बेस्ट प्रेजेंटेशन जैसे पुरस्कार हासिल किए हैं। विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट साइंटिस्ट और बेस्ट एग्रीकल्चर इंजीनियर जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं। कर्मचारियों के लिए WhatsApp Chatbot लॉन्च स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विश्वविद्यालय कर्मचारियों की सुविधा के लिए WhatsApp Chatbot का लोकार्पण भी किया गया। इसके जरिए कर्मचारियों को विभिन्न आवश्यक जानकारियां और सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का सम्मान समारोह में उत्कृष्ट रिसर्च पब्लिकेशन के लिए विश्वविद्यालय के शोध एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, खेलकूद एवं NCC कैडेट्स और NSS स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। तिरंगा रैली ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह के बाद तिरंगा रैली भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। Share This Article Post navigation Independence Day : दृष्टि एवं श्रवण बाधित स्कूल में गूंजा देशभक्ति का रंग…! मेधावी दिव्यांग विद्यार्थियों को मिले गोल्ड मेडल और सम्मान