Russia-Ukraine WarRussia-Ukraine War
Share This Article

रायपुर, 18 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हुए हैं। हमले के कारण प्लांट के मुख्य ऊर्जा और ब्लास्ट-फर्नेस ऑपरेशंस को नुकसान पहुंचा, जिसके चलते उत्पादन आंशिक रूप से रोकना पड़ा।

आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी एक साइट को निशाना बनाया गया। कंपनी के मुताबिक, नुकसान के कारण उसके संचालन पर असर पड़ा है और कुछ गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन ने भी रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने इसे हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया।

वोरोब्योव के अनुसार, मॉस्को क्षेत्र में एक निजी घर पर ड्रोन गिरने से 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पोडोल्स्क शहर में हुए एक अन्य हमले के बाद ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग लग गई। यह कंपनी रूस की अरबपति कारोबारी तात्याना किम से जुड़ी है

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि राजधानी की ओर बढ़ रहे करीब 600 ड्रोन का पता लगाया गया। इनमें से लगभग एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। हमलों के बाद मॉस्को और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया।
रूस के दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि तीन शहरों को भी ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया। उनके मुताबिक, 150 से अधिक ड्रोन से हुए हमलों में पांच लोगों की मौत हुई। कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा, जबकि जंगल में भी आग लग गई।

रूस के हमलों का असर यूक्रेन के कई इलाकों में देखने को मिला। दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई, जबकि सुमी के सीमावर्ती इलाके और पूर्वी डोनेट्स्क में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई। राजधानी कीव में कई जगह आग लगने से छह लोग घायल हुए। कीव के एक बड़े बुक मार्केट में भी आग लग गई। पोचाइना मेट्रो स्टेशन के पास बने कई कियोस्क जलकर खाक हो गए।

यूक्रेन ने इस साल रूस के खिलाफ अपने हमले तेज किए हैं। लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन के जरिए रूसी सैन्य उद्योगों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं रूस लगातार यूक्रेन के शहरों और महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है।


Share This Article