Student opens rapid fire in schoolStudent opens rapid fire in school
Share This Article

रायपुर, 18 अगस्त 2026 / ETrendingIndia / फिलीपींस के दक्षिणी शहर जाम्बोआंगा में एक स्कूल में गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हमलावर कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी स्कूल में पढऩे वाला हाई स्कूल का छात्र था। वह दो बंदूकें लेकर कैंपस में दाखिल हुआ और लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।


शहर के मेयर खाइमर अदान ओलासो के मुताबिक, हमलावर ने बॉडी कैमरा पहन रखा था और कथित तौर पर पूरी घटना की लाइव स्ट्रीमिंग भी कर रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, छात्र दो बंदूकें लेकर स्कूल परिसर में पहुंचा। उसने सबसे पहले अपने एक टीचर पर गोली चलाई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शिक्षक को गोली लगी या नहीं। इसके बाद हमलावर ने अपने एक साथी छात्र को निशाना बनाया।


गोली लगने के बाद छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल कैंपस में गोलीबारी की कोई अन्य घटना नहीं हुई है।


यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट एर्नाल्ड अंदल ने कहा कि स्कूल प्रशासन अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।


फिलीपींस में स्कूल में गोलीबारी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जून में टैक्लोबन शहर के एक हाई स्कूल में भी दो छात्रों ने कैंपस में गोलीबारी की थी। उस घटना में तीन छात्रों की मौत हुई थी, जबकि 20 लोग घायल हुए थे। वहीं, करीब 10 दिन पहले थाईलैंड के एक स्कूल में भी एक छात्र द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा और छात्रों के बीच हथियारों की पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Share This Article