Share This Article रायपुर, 20 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कई अहम फैसले लिए हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं NCORD की बैठक में 7 प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, नए संकेतक बोर्ड, डिवाइडर और सर्विस रोड सुधार के साथ नशे के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। 7 चौराहों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल यातायात सुगम बनाने के लिए द्रोणाचार्य स्कूल चौक, कमल होटल के पास चौक, बोरियाकला तिराहा, अनुपम गार्डन चौक, एम्स गेट-4 के सामने, मंडी गेट तिराहा और दुबे कॉलोनी तिराहा समेत चिन्हित स्थानों पर सिग्नल लगाने की जरूरत बताई गई। वीआईपी रोड पर लगेंगे नए संकेतक वीआईपी रोड पर नो पार्किंग, गति सीमा, धीरे चलें, रॉन्ग साइड न चलें और सावधान क्रॉसिंग जैसे संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। श्रीराम मंदिर तिराहा से मंदिर तक बने अस्थायी डिवाइडर को स्थायी करने की भी योजना है। सर्विस रोड और डिवाइडर होंगे बेहतर सर्विस रोड के चौड़ीकरण, नए सर्विस रोड निर्माण और अन्य सड़क सुधार कार्यों पर भी चर्चा हुई। तेलीबांधा चौक से किंग्सवे होटल रोड तक डिवाइडर तथा तेलगानी नाका क्षेत्र के गैरेजों के विस्थापन पर भी विचार किया गया। स्कूल-कॉलेजों के पास तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई स्कूल और कॉलेजों के आसपास कोटपा अधिनियम के तहत गुटखा-तंबाकू बेचने वाली दुकानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें सील करने के निर्देश दिए गए। नशा मुक्ति और अतिक्रमण पर भी जोर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बस्तियों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं टीम प्रहरी के माध्यम से बाजारों में होने वाले अवैध अतिक्रमण को हटाने पर भी जोर दिया गया। विभागों के बीच बेहतर समन्वय पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। Share This Article Post navigation Sonamani Bora : नगरीय प्रशासन के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की मैराथन बैठक…! कचरा पृथक्करण से नालंदा परिसर तक दिए बड़े निर्देश IGKV : सेवानिवृत्त शिक्षकों का आंदोलन 24 दिन बाद स्थगित… मांगों पर प्रशासन के आश्वासन के बाद लिया फैसला