Sukesh ChandrashekharSukesh Chandrashekhar
Share This Article

रायपुर, 20 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा है। सुकेश ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को पत्र लिखकर दावा किया है कि वह आम आदमी पार्टी से जुड़े तीन और कथित घोटालों का खुलासा करने वाला है। हालांकि, उसके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सुकेश ने अपने पत्र में दावा किया कि दिल्ली की आबकारी नीति और दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद उसके पहले लगाए गए आरोप सही साबित हुए हैं। उसने कहा कि आबकारी नीति के बाद अब जल बोर्ड का मामला सामने आया है और तीन अन्य मामले अभी बाकी हैं।

सुकेश ने आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं को चेतावनी देते हुए दावा किया कि जल्द ही तीन अन्य प्रमुख विभागों में कथित भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाएगा। उसने पत्र में लिखा कि वह पार्टी के नेताओं के पीछे आ रहा है और इस बार उन्हें पूरी तरह बेनकाब करने का दावा किया। सुकेश ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की राजनीतिक संभावनाओं को लेकर भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उसने दावा किया कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को उसी तरह नकार देगी, जैसा दिल्ली में पार्टी को चुनावी नुकसान उठाना पड़ा था। सुकेश ने आम आदमी पार्टी के नाम को लेकर भी तंज कसा। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि अब आप का मतलब ‘एनीटाइम, ऑलवेज पार्टी ऑफ स्कैमÓ है। उसने पंजाब में पार्टी के खिलाफ कथित तौर पर और अधिक आक्रोश देखने का दावा किया।


सुकेश ने अपने पत्र में अरविंद केजरीवाल पर युवाओं और नई पीढ़ी को कथित रूप से भड़काने के लिए अपने एजेंटों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि इन एजेंटों को भी बेनकाब करना उसका पहला काम होगा। सुकेश ने 2015-16 के दौरान अपने और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच कथित संपर्क का भी जिक्र किया। उसने दावा किया कि उसे पार्टी के नेताओं और उनसे जुड़े लोगों के बारे में बहुत कुछ पता है और वह जल्द ही उन्हें चौंकाने वाला खुलासा करेगा।


सुकेश चंद्रशेखर ने नवंबर 2022 में तीन पन्नों का एक पत्र जारी कर अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि यदि वह ठग है तो केजरीवाल ‘महाठगÓ हैं। सुकेश ने आरोप लगाया था कि राज्यसभा की सीट दिलाने के बदले उससे 50 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इन आरोपों को संबंधित पक्षों ने स्वीकार नहीं किया था।


इससे पहले अक्टूबर 2022 में सुकेश ने तत्कालीन दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखकर तत्कालीन मंत्री सत्येंद्र जैन पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। सुकेश ने दावा किया था कि सत्येंद्र जैन ने उससे 10 करोड़ रुपये की वसूली की थी। सुकेश चंद्रशेखर वर्तमान में विभिन्न मामलों में जेल में बंद है। उसके द्वारा समय-समय पर राजनीतिक नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर विवाद होता रहा है। उसके ताजा पत्र में लगाए गए तीन नए कथित घोटालों के आरोपों का अभी कोई विस्तृत प्रमाण सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है


Share This Article